हाई टेंशन तार की चपेट में आने से 6 लोग गंभीर रूप से घायल
करंट से छह लोग घायल, जमशेदपुर/पूर्वी सिंहभूम पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र के यशोदा नगर छोटा गोविंदपुर में रामनवमी झंडा विसर्जन जुलूस के दौरान हादसा हो गया। यहां शारदा राम बजरंग अखाड़ा समिति का झंडा हाई टेंशन तार की चपेट में आ गया।
जिससे झंडा थामे छह लोग करंट की चपेट में आकर झुलस गए। जख्मी होने वालों में पप्पू सिंह, विजय प्रसाद, प्रदीप वर्मा, शशि प्रसाद, विजय कुमार और एक बच्चा शामिल है। घटना के बाद सभी को आनन-फानन में इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल लाया गया।
यहां से गंभीर रूप से जख्मी पप्पू सिंह को बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल सभी का इलाज जारी है। जिला परिषद् सदस्य परितोष सिंह ने बताया कि शारदा राम बजरंग अखाड़ा समिति अपना झंडा लेकर विसर्जन जुलूस के लिए निकाला था।
इस दौरान यशोदा नगर के सुब्बा राव के घर के पास झंडा पूजन के लिए हर वर्ष की तरह विसर्जन जुलूस को रोका गया। इस दौरान ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन तार में झंडा का एक भाग सट गया। जिससे पूरे बांस में करंट फैल गया और झंडा का बांस पकड़े छह लोग झुलसकर बेहोश हो गए।
घटना के बाद जिला परिषद् सदस्य परितोष सिंह ने जिला प्रशासन से हाई टेंशन तार के नीचे सुरक्षा जाली लगाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व भी उसी स्थान पर पतंग उड़ाने के दौरान हाई टेंशन तार की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत हो गई थी। यह हाई टेंशन तार 1 लाख 32 हज़ार वोल्ट का है।