दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: 24 अवैध बांग्लादेशी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने अवैध बांग्लादेशियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दक्षिण-पूर्वी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली के विभिन्न इलाकों से 24 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 13 गिरफ्तारियां दक्षिण जिले से हुईं, जबकि 11 गिरफ्तारी दक्षिण-पूर्व जिले में हुई। पुलिस के अनुसार, ये सभी लोग भारत में अवैध रूप से रह रहे थे।
दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी है कि इन गिरफ्तारियों के बाद पुलिस 10 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों के दस्तावेजों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि इन अवैध बांग्लादेशियों के पास विभिन्न प्रकार के कागजात मिले हैं। इसके अलावा, दिल्ली पुलिस ने तलाशी अभियान के दौरान सदर बाजार से दो और बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया। इस अभियान में पुलिस विभिन्न इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस, राजा भाटी ने बताया कि सदर बाजार, सराय रोहिल्ला और वजीराबाद इलाके में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान पुलिस घर-घर जाकर लोगों के दस्तावेजों की जांच कर रही है। डीसीपी ने यह भी बताया कि अभियान के तहत अवैध नागरिकों की पहचान की जा रही है, और जैसे ही इनकी पहचान होगी, उन्हें बांग्लादेश डिपोर्ट किया जाएगा।
डीसीपी भाटी ने कहा कि गिरफ्तारी के तुरंत बाद इन अवैध नागरिकों के डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। पुलिस के मुताबिक, यह अभियान दिल्ली में अवैध प्रवासियों की समस्या से निपटने के लिए लगातार जारी रहेगा।