केरल की वरिष्ठ भाजपा नेता अहिल्या शंकर का निधन, पार्टी ने जताया शोक
केरल की 89 वर्षीय वरिष्ठ भाजपा नेता अहिल्या शंकर का कोझीकोड में निधन हो गया। अहिल्या शंकर भाजपा की महिला महासचिव रह चुकी थीं और उन्होंने 1980 में मुंबई में आयोजित भाजपा गठन सम्मेलन में भाग लिया था। वह दूसरी महिला थीं जो भाजपा राज्य समिति में शामिल हुई थीं।
अपने राजनीतिक सफर में उन्होंने महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महासचिव के रूप में कार्य किया। इसके अलावा, वे भाजपा राज्य समिति और राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की सदस्य भी रहीं।
अहिल्या शंकर कई बार भाजपा की प्रत्याशी रहीं। उन्होंने 1982 और 1987 में बेपोर, 1996 में कोइलांडी से विधानसभा चुनाव लड़ा। वहीं, 1989 और 1991 में मंजेरी तथा 1997 में पोन्नानी से लोकसभा चुनाव में भी भाग लिया। उनके निधन से भाजपा और राजनीतिक जगत में शोक की लहर है।
केरल भाजपा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि अहिल्या शंकर ने अपने अंतिम दिनों तक भाजपा को अपने हृदय से जोड़े रखा। उनके निधन से पार्टी, परिवार और सहयोगियों को गहरा दुख पहुंचा है। इस अपूरणीय क्षति पर हम उनके परिवार और सहयोगियों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ प्रकट करते हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।