म्यांमार में 7.7 तीव्रता के भूकंप से तबाही, थाईलैंड और भारत में भी झटके


थाईलैंड और म्यांमार के कई हिस्सों में शुक्रवार को 7.7 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र म्यांमार में था, जो मोनीवा शहर से लगभग 50 किलोमीटर पूर्व में स्थित है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और जर्मनी के जीएफ़ज़ेड सेंटर फॉर जियोसाइंस के मुताबिक, यह भूकंप 10 किलोमीटर गहराई पर आया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में भी भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए गए, जिसके कारण सैंकड़ों लोग इमारतों से बाहर निकल आए। कई जगहों पर इमारतों के गिरने की भी खबर है। ग्रेटर बैंकॉक क्षेत्र की आबादी 17 मिलियन से अधिक है, जिसमें कई लोग ऊंची इमारतों में रहते हैं। भूकंप के दौरान इन इमारतों के भीतर अलार्म बजने लगे और लोग बाहर निकलने लगे।

भूकंप इतना शक्तिशाली था कि कुछ ऊंची इमारतों के स्वीमिंग पूल में पानी की लहरें उठने लगीं। म्यांमार में भूकंप के कारण इमारतें ढहने की खबरें आई हैं, लेकिन नुकसान की पूरी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।

इस घटना के बाद थाईलैंड के प्रधानमंत्री ने बैंकॉक को आपातकालीन क्षेत्र घोषित कर दिया है। अधिकारियों ने पूरे देश में अलर्ट जारी किया है और सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। नागरिकों से ऊंची इमारतों से दूर रहने की अपील की गई है। हवाई अड्डे, अस्पताल और परिवहन व्यवस्था को भी तैयार रखा गया है। इसके अलावा, भारत के पूर्वोत्तर राज्य मेघालय के कुछ हिस्सों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं।