पीएम मोदी ने श्रीलंका को दी रेलवे परियोजनाओं की सौगात


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीलंका दौरे के अंतिम दिन अनुराधापुर में वहां की जनता को रेलवे परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने  माहो-अनुराधापुरा में रेल सिग्‍नल प्रणाली परियोजना का शुभारंभ करने के साथ ही माहो-ओमानथाई  रेलवे लाइन का भी उद्घाटन किया। इस मौके पर श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके भी मौजूद रहे।

पीएम मोदी ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा- अनुराधापुरा में, राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके और मैंने संयुक्त रूप से माहो-ओमानथाई रेलवे लाइन का उद्घाटन किया। सिग्नलिंग परियोजना का भी शुभारंभ किया गया, जिसमें माहो-अनुराधापुरा खंड पर उन्नत सिग्नलिंग और दूरसंचार प्रणाली की स्थापना शामिल है। 

उन्होंने आगे लिखा कि भारत को श्रीलंका की विकास यात्रा के विभिन्न पहलुओं में सहयोग देने पर गर्व है। ये परियोजनाएं भारत की मदद से तैयार की गई हैं और ये श्रीलंका के आर्थिक सुधार और बुनियादी ढांचे के विकास में भारत की बढ़ती भूमिका को दर्शाता हैं।

पीएम ने जिस रेलवे लाइन का उद्घाटन किया वो श्रीलंका के कुरुनगेला, अनुराधापुरा और ववुनिया जिलों से होकर गुजरेगी। यह वहां की नार्दन रेलवे लाइन का करीब 128 किलो मीटर का रेल मार्ग है। इस मौके पर पीएम मोदी ने एक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।