National

मुख्यमंत्री ने मैहर जिले को विकास कार्यों की दी सौगात, मप्र सबसे तेज गति से औद्योगिक विकास करने वाला राज्य


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को मैहर जिले को करोडों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। मैहर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले के 71 करोड रूपये लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मैहर में माँ शारदा देवी का भव्य शारदा लोक का निर्माण किया जायेगा। इसी तरह चित्रकूट में वनवासी भगवान श्रीराम लोक का भी निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बहनों की माँग पर मैहर सहित प्रदेश के 19 धार्मिक क्षेत्रों में शराबबंदी कर दी है।

मैहर में शीघ्र ही कलेक्ट्रेट भवन का निमार्ण कार्य शुरू किया जायेगा। इसी साल बरगी बांध से माँ नर्मदा का जल मैहर क्षेत्र में सिंचाई के लिए पहुंचाया जायेगा। प्रदेश में सिंचाई के क्षेत्र में तेजी से प्रगति हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डबल इंजन की सरकार से देश और प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी नीतियों से देश की हर कठिनाई दूर हो रही है। कश्मीर में धारा-370 को समाप्त कर आतंकवादियों की कमर तोड़ने के साथ विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। अब तो पाक अधिकृत कश्मीर भी भारत में मिलने की माँग कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन-कल्याणकारी नीति, सुव्यवस्था और विकास के कार्यों के प्रति जनता का विश्वास बढ़ा है।