जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश शाहजहांपुर |जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विद्युत विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। यह बैठक 26 जुलाई को जिलाधिकारी द्वारा फेसबुक और एक्स (Twitter) पर की गई उस सार्वजनिक अपील के क्रम में हुई, जिसमें उन्होंने नागरिकों से बिजली संबंधी समस्याएं कमेंट्स के माध्यम से साझा करने को कहा था।
इस अपील पर करीब 2000 नागरिकों ने बिजली कटौती, ट्रांसफार्मर खराबी, वोल्टेज में कमी जैसी समस्याएं साझा कीं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों की गंभीरता से समीक्षा कर विद्युत विभाग के अधिकारियों को प्रत्येक कमेंट का जवाब देने और समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में स्टेशनवार शिकायतों की स्थिति का विश्लेषण करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि जिन समस्याओं का समाधान तुरंत संभव नहीं है, उनके बारे में फोन के माध्यम से शिकायतकर्ता को जानकारी दी जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। सभी जेई और एई को रात्रि विश्राम अपने तैनाती स्थल पर करने तथा समाधान संबंधी प्रस्ताव तीन दिन में ADM प्रशासन को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

