80 करोड़ की लागत से तैयार होगा सागर में कैंसर अस्पताल 24 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों का किया भूमि पूजन लोकार्पण भोपाल(मप्र), 03 अगस्त 2025। उप मुख्यमंत्री और सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि सरकार के पास संसाधनों की कमी नहीं है। स्वास्थ्य अधोसंरचनाओं का तेज गति से विकास किया जा रहा है।
स्वास्थ्य अधोसंरचनाओं का सदुपयोग सुनिश्चित कर नागरिकों को उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में चिकित्सकों, सहायक चिकित्सकीय स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी चिकित्सकीय स्टाफ समर्पित भाव से सेवा कर स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने में अपनी भूमिका का निर्वहन करें।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने जिला चिकित्सालय सागर परिसर में 100 बिस्तरों वाले नवीन महिला एवं शिशु रोग विभाग तथा एकीकृत पब्लिक हेल्थ लैब का लोकार्पण किया। साथ ही बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर में क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि सागर में कैंसर अस्पताल की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए सरकार ने 80 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
यह 200 बिस्तर का अस्पताल जी प्लस 6 मंजिल में तैयार होगा और इसका अगले माह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भूमि-पूजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कैंसर अस्पताल में टाटा अस्पताल, मुंबई की तर्ज पर समस्त सुविधाएं, संसाधन एवं इलाज मुहैया कराया जाएगा। इससे बुंदेलखंड क्षेत्र के मरीजों को दिल्ली, भोपाल या मुंबई नहीं जाना पड़ेगा।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने के लिए सघन प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच, टीकाकरण और पंजीयन किया जाये, जिससे समय से हाई रिस्क प्रेगनेंसी का चिन्हांकन कर आवश्यक व्यवस्थाएं कर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के पहले माह से ही जांच शुरू की जाए। आशा कार्यकर्ता, एएनएम एवं ग्रामीण क्षेत्र के मेडिकल अधिकारियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर जागरूक किया जाये। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि सागर शहर बधाई का पात्र है जहां वह स्वच्छता में 10वें नंबर पर है और आने वाले वर्षों में प्रथम स्थान पर लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रभारी मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि सरकार द्वारा टेलीमेडिसिन को और बेहतर करने के लिये टेलीमेडिसिन सेवा देने वाले डॉक्टर्स को 50-50 रुपये प्रत्येक स्वास्थ्य परीक्षण के लिये दिये जायेंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने आर्थिक सुशासन की स्थापना करने के लिये सभी कार्य कर रही है।

