किशनगंज जिले के कोचाधामन थाना क्षेत्र के झागीदिघी में मवेशी व्यापारी जसपाल उर्फ शेररी की हत्या मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने पत्रकार वार्ता कर इस हत्याकांड का खुलासा किया।
एसपी सागर कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक के जीजा मोहन कुमार दास और सन्नी कुमार दास को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी कोचाधामन के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने झागीदिघी पक्की सड़क के पास धारदार हथियार से वार कर जसपाल उर्फ शेररी की हत्या की थी। जांच में यह खुलासा हुआ कि मोहन का मृतक की पत्नी से अवैध संबंध था, और वह मृतक के खस्सी-बकरी के व्यापार को अपने कब्जे में लेना चाहता था।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।