डिंडोरी- संभागायुक्‍त ने किया जिले में शहपुरा का दौरा कर की योजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा

डिंडोरी- संभागायुक्‍त ने किया जिले में शहपुरा का दौरा कर की योजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा


संभागायुक्‍त धनजंय सिंह ने कल डिंडोरी जिले के शहपुरा के जनपद पंचायत कार्यालय के सभागार में विभागीय कार्यों और योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान कलेक्‍टर नेहा मराव्‍या, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनिल कुमार राठौर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

संभागायुक्‍त ने सहकारिता, मत्स्य, जल निगम, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, नगरीय प्रशासन, शिक्षा, स्‍वास्‍थ्‍य, लोक स्वास्‍थ्‍य यांत्रिकी, कृषि, उद्यानिकी, बिजली आदि विभागों की विभाग वार समीक्षा की।  इस दौरान राजस्व में लंबित प्रकरणों सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, भू अर्जन प्रकरणों की समीक्षा की गई।

एसडीएम एवं तहसीलदारों को लंबित न्यायालयीन प्रकरणों के तत्परता पूर्वक निराकरण करने के निर्देश दिए गए। सहकारिता एवं मत्स्य विभाग समन्वय कर सभी समितियों के खाते खुलवाने की कार्रवाई तत्परता से पूर्ण करें। उद्यानिकी विभाग अंतर्गत पीएमएफएमई योजना के लक्ष्य अनुरूप पूर्ति करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को पंचायतों में प्रगतिरत कार्यों के पर्यवेक्षण एवं उन्हें गुणवत्ता पूर्वक पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। पशु चिकित्सा विभाग को मोबाइल मेडिकल यूनिट के प्रभावी संचालन और मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।  संभागायुक्‍त धनंजय सिंह ने शहपुरा के तहसील कार्यालय में स्‍वास्‍थ्‍य विभाग एवं महिला बाल विकास संयुक्त पोषण प्रबंधन कार्यशाला सह समीक्षा बैठक में मैदानी अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि अंतर्विभागीय समन्‍वय से बच्‍चों एवं महिलाओं के स्‍वास्‍थ्‍य एवं पोषण संबंधी योजनाओं में कार्य करें।

शहपुरा परियोजना के सीडीपीओ द्वारा विभागीय निरीक्षण में की गई लापरवाही पर संयुक्त संचालक महिला बाल विकास को स्पष्टीकरण लेने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही महिला बाल विकास के विभागीय अमले को निर्धारित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्‍होंने पोषण ट्रैकर, संपर्क, एमआईएस और अनमोल व आरसीएस पोर्टल पर विवरणों को समय पर इंट्री तथा फील्ड भ्रमण से पुष्टि करने हेतु निर्देश दिए। मैदानी स्‍तर पर स्‍वास्‍थ्‍य विभाग की आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संयुक्‍त रूप से नियमित भ्रमण करें।