National

राज्यपाल  रमेन डेका ने अपने दो दिवसीय दुर्ग प्रवास


छत्तीसगढ़ के राज्यपाल  रमेन डेका ने अपने दो दिवसीय दुर्ग प्रवास के दौरान आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में प्रशासनिक अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। इस अवसर पर  संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर,  पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर अभिजीत सिंह  और पुलिस अधीक्षक  जितेंद्र शुक्ला,  सहित सभी विभाग प्रमुख उपस्थित रहे।       

प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा राज्यपाल  रमेन डेका के स्वागत के उपरांत कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जिले में चलाये जा रही विभिन्नयोजनाओं एवं उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। राज्यपाल ने जिले में चलाये जा रहे नवाचारों की सराहना की। राज्यपाल  रमेन डेका ने जिले में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन, जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यों एवं अभियान के संबंध में जानकारी ली।

उन्होंने जिले में पर्यावरण संरक्षण के माध्यम से प्रकृति का संतुलन बनाए रखने, जल संचयन को बढ़ाने, टीबी उन्मूलन, रेडक्रास, स्वच्छ भारत मिशन,  सड़क दुर्घटना के रोकथाम हेतु प्रभावी कदम उठाने, मादक पदार्थों के परिवहन, विक्रय, भंडारण को प्रतिबंधित करने जैसे अन्य विषयों का धरातल पर उचित क्रियान्वयन करने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए। जिससे योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके। 

राज्यपाल ने पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन व भू-जल स्तर में वृद्धि हेतु अधिक से अधिक पौधरोपण करने व उनका उचित देखभाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हमारे जीवन में पेड़ों का अत्याधिक महत्व है एवं प्रकृति का संतुलन बनाए रखने हेतु पौधरोपण आवश्यक है। उन्होंने जिले मे एक पेड़ मां के नाम, कैम्पा के तहत किये गये वृक्षारोपण की जानकारी ली तथा सभी अधिकारी-कर्मचारियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने एवं उसे संरक्षित करने कहा।

उन्होंने गिरते भू जल स्तर में वृद्धि हेतु रेन वाटर हार्वेस्टिंग की उपयोगिता पर बल देते हुए शासकीय एवं निजी भवन में निश्चित रूप से बनाने के निर्देश दिए। साथ ही अमृत सरोवर, जल जीवन मिशन अंतर्गत कार्यों के माध्यम से पेयजलापूर्ति और जल स्तर ऊपर उठाने की दिशा में कार्य करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जिले में जल जीवन मिशन, वाटर शेड, महात्मा गांधी नरेगा, अमृत सरोवरो के माध्यम से जल संरक्षण एवं जल संवर्धन की दिशा में कार्य करने के से भू-जल स्तर बढेगा।  

राज्यपाल  रमेन डेका ने जिले में टीबी के संबंध में चल रहे अभियान निक्षय निरामय छत्तीसगढ़ 100 दिवसीय पहचान एवं उपचार के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने राजभवन की ओर से गरीब एवं जरूरतमंदों टीबी मरीजो को सहयोग देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से टीबी मुक्त जिले की दिशा में आगे बढऩा है और सभी से सहयोग लेना है। उन्होंने जिले में निःक्षय निरामय अभियान के अंतर्गत किये गये कार्याें की प्रशंसा की।

उन्होंने जिले में सड़क दुर्घटना से होने वाली जनहानि के रोकथाम हेतु जिला प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क दुर्घटना की रोकथाम के लिए वाहनो के मालिकों की बैठक लेकर उनके वाहन चालकों की समय-समय पर कॉउंसलिंग करने एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने व मादक पदार्थाे का सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों पर कड़ाई से प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थ बच्चों एवं युवाओं के लिए बहुत घातक है। बच्चों एवं युवाओं को नशीले पदार्थों से दूर रखने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।  राज्यपाल रेमन  डेका ने केंद्र व राज्य सरकार के विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के स्व  सहायता समूहों की महिला लाभार्थियों से चर्चा की. 

जिले में केंद्र   व राज्य विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं का लाभ दिलाने की बात कही.  उन्होंने स्व  सहायता समूहों की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने हेतु उन्हें उद्योग , कृषि ,व्यापार जैसे अन्य व्यवसायों से भी जोड़ने की बात कही.  साथ ही केंद्र व राज्य प्रवर्तित योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक गंभीरता से पहुंचाने एवं महिलाओं  के जीवन  स्तर में बदलाव लाने हेतु निर्देशित किया.

राज्यपाल रेमन  डेका ने जिले में महिला  स्व सहायता समूहों की महिलाओं से   सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ  व  आर्थिक स्वालंबन की ओर  बढ़ने की सफलता के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी.   इन सभी महिला स्व  सहायता समूह की महिलाओं ने अपने किए गए कार्यों के उपलब्धि पर  राज्यपाल रेमन डेका के द्वारा भेंट   व बातचीत के धन्यवाद  दिया.