Politics

लालू प्रसाद को भारत रत्न की मांग पर , मंत्री ने कसा तंज


बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री कृष्णनंदन पासवान गोपालगंज पहुंचे, जहां सर्किट हाउस में प्रेस को संबोधित किया। मंत्री ने पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के लालू प्रसाद को भारत रत्न से सम्मानित करने के बयान पर हमला करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव राजनीति में अभी नन्हे बच्चे हैं। उन्हें याद रखना चाहिए कि लालू प्रसाद देश के सबसे बड़े घोटालेबाज हैं। उनके शासनकाल में अपहरण, डकैती और छिनतई चरम सीमा पर थी। ऐसे व्यक्ति को भारत रत्न से सम्मानित करना बचकाना बयान है।

कृष्णनंदन पासवान ने कहा कि तेजस्वी यादव को राजनीति की पाठशाला में सीखना चाहिए कि भारत रत्न किसे मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि जब लालू प्रसाद सत्ता से हटे थे, तो उन्होंने अब्दुलबारी सिद्दीकी और जगतानंद सिंह को मुख्यमंत्री न बना कर अपनी अनपढ़ पत्नी को मुख्यमंत्री बनाया। लालू प्रसाद ने अपने बेटे, बेटी और साले को आगे बढ़ाया, किसी पर भी भरोसा नहीं किया।

मंत्री ने लालू के साले सुभाष यादव के बयान पर कहा कि अगर किसी का सबसे प्यारा व्यक्ति कोई है, तो वह उसका साला होता है। साधु और सुभाष यादव द्वारा लगाए गए आरोपों को सही ठहराते हुए उन्होंने कहा कि पाप कभी छुपता नहीं है।

कृष्णनंदन पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रगति यात्रा के दौरान गोपालगंज जिले में दिए गए 139 करोड़ रुपये की योजनाओं की उपलब्धियों का जिक्र किया। इस दौरान भाजपा के सदर विधायक कुसुम देवी, जिलाध्यक्ष संदीप गिरी उर्फ मंटू गिरी, उमेश प्रधान सहित भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।