National

श्रीलंका ने पीएम मोदी को किया ‘मित्र विभूषण’ से सम्मानित


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को श्रीलंका मित्र विभूषण सम्मान से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और दोनों देशों की साझा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को बढ़ावा देने के उनके असाधारण प्रयासों के लिए दिया गया है।

प्रधानमंत्री ने इस सम्मान के लिए भारत की ओर से श्रीलंका का आभार जताया। पीएम मोदी ने कहा, “आज राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके द्वारा श्रीलंका मित्र विभूषण से सम्मानित किया जाना मेरे लिए गौरव की बात है। यह सिर्फ मेरा सम्मान नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। यह भारत और श्रीलंका के बीच ऐतिहासिक संबंधों और गहरी मित्रता का सम्मान है।  

यह किसी विदेशी राष्ट्र द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दिया गया 22वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। असाधारण वैश्विक मित्रता को सम्मान देने के लिए बनाया गया यह खास पदक भारत और श्रीलंका के रिश्तों की गहराई और आपसी लगाव को दिखाता है। पदक में दिया गया धर्म चक्र साझा बौद्ध विरासत को दर्शाता है जिसने दोनों देशों की सांस्कृतिक परंपराओं को आकार दिया है। चावल से सजा कलश समृद्धि और नवीनीकरण का प्रतीक है।

नवरत्न दोनों देशों के बीच स्थायी मित्रता का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिसे शुद्ध कमल की पंखुड़ियों से घिरे ग्लोब के भीतर दर्शाया गया है। अंत में सूर्य और चंद्रमा प्राचीन अतीत से अनंत भविष्य तक फैले कालातीत बंधन को दर्शाते हैं। ये दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध को दर्शाता हैं।

यह सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और क्षेत्रीय सहयोग, सांस्कृतिक पुनर्जागरण तथा आध्यात्मिक कूटनीति के प्रति उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह क्षेत्र में शांति, सद्भाव और साझा विकास को बढ़ावा देने में भारत की अहम भूमिका को दर्शाता है।