बैतूल- शॉट सर्किट से 10 एकड़ में फैली आग, गेहूं की फसल खाक


बैतूल ब्लॉक के ग्राम जोड़क्या पोस्ट बघोली में कल बुधवार को शाम करीब 4 बजे के समय किसान श्याम सिंह राजपूत के खेत में भीषण आग लग गई। शॉट सर्किट के कारण भड़की इस आग ने 10 एकड़ खेत में खड़ी गेहूं की फसल को जलाकर खाक कर दिया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

खेत में अचानक धधकी आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक फसल पूरी तरह जल चुकी थी। श्याम सिंह राजपूत ने बताया कि वे इस फसल के सहारे पूरे साल का गुजारा करने वाले थे, लेकिन इस घटना ने उनके सपनों को चकनाचूर कर दिया।

आसपास के ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन फायर ब्रिगेड पहुंची तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित किसान को उचित मुआवजा देने की मांग की है। इस घटना के बाद किसान बेहद दुखी है और शासन-प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर बिजली के तारों की समय पर देखरेख होती, तो यह हादसा टल सकता था।