जहानाबाद कॉलेज के शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने आज कॉलेज गेट के सामने एन.एच-33 पर पूर्व शिक्षा मंत्री और वर्तमान में जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी का पुतला दहन किया। साथ ही प्रति माह वेतन देने की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रदर्शनकारी शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा, “एक तरफ अल्पसंख्यक, मदरसा तथा संस्कृत महाविद्यालय और विद्यालयों के शिक्षकों व शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को वेतन दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर संबद्ध डिग्री महाविद्यालयों के शिक्षकों व शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।”
प्रदर्शनकारियों ने आगे कहा, “संबद्ध डिग्री महाविद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को वेतन संरचना निर्धारित कर प्रतिमाह वेतन भुगतान करने का निर्णय शीघ्र लेना चाहिए। अन्यथा, हम अपने आन्दोलन को और तेज करते हुए 20 मार्च को विधानमंडल का घेराव करते हुए धरना प्रदर्शन करेंगे।”
शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने कहा, “जदयू के वरिष्ठ नेता ने बिहार विधानमंडल में संबद्ध डिग्री महाविद्यालयों के संबंध में गलत बयान दिया है, जिसके विरोध में हमलोगों ने उनका पुतला दहन किया है।”

