केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित 2025 के अधिवक्ता बिल के खिलाफ देशभर में अधिवक्ताओं का विरोध तेज हो गया है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, शिमला , सोलन और हमीरपुर सहित कई अन्य स्थानों पर अधिवक्ताओं ने बिल के खिलाफ आंदोलन किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कुल्लू जिला में बार एसोसिएशन द्वारा इस बिल के खिलाफ पिछले तीन दिनों से लगातार हड़ताल की जा रही है। अधिवक्ताओं ने कुल्लू कोर्ट से ढालपुर चौक तक रैली निकाल कर विरोध जताया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
वहीं, हमीरपुर में भी जिला बार एसोसिएशन ने 2025 के प्रस्तावित अधिवक्ता बिल का विरोध किया। बुधवार को अधिवक्ता हमीरपुर न्यायालय परिसर में एकत्र हुए और बिल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने प्रस्तावित बिल की प्रतियां जलाकर विरोध जताया।
उनका कहना था कि इस बिल के लागू होने से वकीलों को अपनी कार्य प्रणाली में कई परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। बिल के तहत अधिवक्ताओं के अधिकारों पर कुठाराघात किया जा रहा है, और विदेशी लॉ फर्मों को भारत में केस लड़ने की अनुमति देने की तैयारी की जा रही है, जो वकीलों के लिए नुकसानदेह हो सकता है।

