जिले में 16 जुलाई से लगातार बारिश हो रही है। इसी अवधि में सतना जिले तथा मिर्जापुर क्षेत्र में भी लगातार बारिश होने से त्योंथर में नदियों के जलस्तर में वृद्धि हुई है। कई बस्तियों में जल भराव होने के कारण लोगों को सुरक्षित स्थानों में पहुंचाया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कलेक्टर प्रतिभा पाल तथा पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने त्योंथर पहुंचकर भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर ने त्योंथर में तीन स्थानों पर बनाए गए राहत शिविरों का निरीक्षण किया। बालक छात्रावास का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने कहा कि यहाँ भोजन और पानी की सुविधा उपलब्ध है।
यहाँ पर्याप्त मात्रा में राशन भण्डारित कराएं। मेडिकल टीम राहत शिविरों का लगातार दौरा करती रहे। इसके बाद कलेक्टर ने बेलन और टमस के संगम स्थल मांगी का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने ग्रामवासियों से भारी बारिश के संबंध में चर्चा कर लोगों को सतर्क रहने को भी कहा।
कलेक्टर ने लोगों से कहा कि जल भराव अथवा बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित होने पर तुरंत सुरक्षित स्थलों में जाना चाहिए। जलभराव अथवा बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित होने पर एसडीआरएफ की टीम भी तैनाती की गई है ताकि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा सके। कलेक्टर को ग्रामवासियों ने बताया कि वर्ष 1994 और 1997 में यहाँ भीषण बाढ़ आई थी। अभी टमस नदी का जल स्तर सामान्य है लेकिन बेलन नदी का जल स्तर बढ़ रहा है।

