रीवा- शिशुओं और महिलाओं की स्वास्थ्य रक्षा के लिए मिलकर प्रयास करें : कमिश्नर

रीवा- शिशुओं और महिलाओं की स्वास्थ्य रक्षा के लिए मिलकर प्रयास करें : कमिश्नर


कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद ने स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की। कमिश्नर ने कहा कि शिशुओं और महिलाओं की स्वास्थ्य रक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग मिलकर प्रयास करें।

ग्राम स्तर से लेकर संभाग स्तर तक दोनों विभाग समन्वित प्रयास करेंगे तभी बच्चों और महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार होगा। मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर पर नियंत्रण हो सकेगा। दोनों विभागों के हितग्राही तथा लक्ष्य समूह एक हैं।

इसलिए दोनों को समन्वय के साथ प्रयास करने की आवश्यकता है। हर गर्भवती महिला का अनिवार्य रूप से पंजीयन कराकर जाँच सुनिश्चित करें। हाईरिस्क गर्भावस्था वाली महिलाओं को चिन्हित करके समय पर अस्पताल में भर्ती कर समुचित उपचार की सुविधा दें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा बीएमओ स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार व्यवस्था एवं पोर्टल में जानकारी दर्ज करने की नियमित समीक्षा करें।

गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन कर 31 अगस्त तक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। कमिश्नर ने बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर सिंगरौली जिले के जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला स्वास्थ्य अधिकारी की एक वार्षिक वेतनवृद्धि अवरूद्ध करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने रीवा शहरी क्षेत्र, हनुमना, बैढ़न, चितरंगी तथा सोहावल के बीएमओ की भी वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए।