सतना- कक्षा 5वीं, 8वीं की परीक्षा के मूल्यांकन केन्द्र ब्लाक स्तर पर बनेंगे

सतना- कक्षा 5वीं, 8वीं की परीक्षा के मूल्यांकन केन्द्र ब्लाक स्तर पर बनेंगे


राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा प्राथमिक कक्षा 5 एवं पूर्व माध्यमिक कक्षा 8 की वार्षिक परीक्षा सत्र 2024-25 के अंतर्गत समस्त शासकीय एवं मान्यता प्राप्त अशासकीय, अनुदान प्राप्त शालाओं के छात्र-छात्राओं की वार्षिक परीक्षा के संचालन हेतु जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में परीक्षा संचालन समिति का गठन किया गया है।

कक्षा 5वीं और 8वीं की वार्षिक परीक्षाएं 24 फरवरी से 5 मार्च 2025 तक आयोजित होगी। जिले में विकासखंड स्तर पर अमरपाटन, मैहर, रामनगर में मूल्यांकन केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इस आशय की जानकारी कल कलेक्टर रानी बाटड की अध्यक्षता में संपन्न जिला परीक्षा समिति की बैठक में दी गई।      

जिला समन्वयक जिला शिक्षा केंद्र विष्णु त्रिपाठी ने बताया कि मैहर जिले में अमरपाटन में 39, मैहर में 56, रामनगर में 28 कुल 123 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें कुल 1212 शालाओं के 26 हजार 507 छात्र-छात्राएं परीक्षा में बैठेंगे। कक्षा 5वीं में 11576 तथा कक्षा 8वीं में 14937 बच्चे शामिल हो रहे हैं। जिले में विकासखंड स्तर पर मूल्यांकन केंद्र निर्धारित किए गए हैं। जिनमें मैहर में शासकीय बालक हाईस्कूल मैहर, अमरपाटन में शासकीय कन्या उ.मा.वि. और रामनगर में शासकीय माडल उ.मा.वि. रामनगर को प्रस्तावित किया गया है।      

वार्षिक परीक्षा समय सारणी के अनुसार कक्षा 5 की परीक्षायें सोमवार 24 फरवरी, मंगलवार 25 फरवरी, गुरुवार 27 फरवरी, शुक्रवार 28 फरवरी और शनिवार 1 मार्च को होगी। जबकि कक्षा 8वीं की परीक्षाएं 24 फरवरी, 25 फरवरी, 28 फरवरी, 1 मार्च, 4 मार्च और 5 मार्च को संपन्न होगी। परीक्षाओं के सफल संचालन एवं मूल्यांकन के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।

परीक्षाओं के सुचारू रूप से संचालन के लिए जिला स्तर से निरीक्षण दलों का गठन किया जाएगा। संकुल प्राचार्य भी अपने स्तर से निरीक्षण की व्यवस्था करायेंगे। जन शिक्षक अपने जन शिक्षा केन्द्रों के परीक्षा केन्द्रों में समय से प्रश्न पत्र पहुंचाने की व्यवस्था के लिए जिम्मेदार रहेंगे।