दरभंगा के कुशेश्वरस्थान प्रखंड के दिनमो पंचायत और बरगांव पंचायत में लगभग 100 घर जलकर राख हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने देसज टाइम्स को बताया कि रात के डेढ़ बजे आग लगी, जब लोग सो रहे थे। अचानक आग की लपटों ने सोते हुए लोगों को घेर लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आंखें खुलने पर आग की भयावह स्थिति देख लोग जान बचाकर बच्चों के साथ घर से भागे। आग इतनी भयंकर थी कि लोग एक-दूसरे की पहचान भी नहीं कर पा रहे थे, और जहां जैसे लोग मिले, उन्हें खींचकर बाहर निकाला गया। हालांकि, जो बोल नहीं सकते थे, जैसे जानवर और बकरियाँ, वे आग में जलकर राख हो गए।
आग की सूचना प्रशासन को दी गई, और एक घंटे बाद अग्निशमन की 4 गाड़ियाँ घटनास्थल पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों और अग्निशमन दल ने मिलकर आग पर काबू पाया, लेकिन अभी भी धुंआ उठ रहा था। आग रात के डेढ़ बजे लगी और सुबह 5 बजे तक उसकी लपटें जारी रही। सुबह कर्मचारी सन्नी कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का आकलन करना शुरू किया।
महिलाएं सिर पर हाथ रखकर विलाप करती हुई रो रही थीं। कुछ के बेटे की शादी के लिए, तो कुछ के बेटी की शादी के लिए जो जेवर, कपड़े और अनाज इकट्ठा किए थे, वे सब जलकर राख हो गए हैं।