27-28 फरवरी को भारत आएंगी यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन यूरोपियन यूनियन कॉलेज ऑफ कमिश्नर्स के साथ 27 और 28 फरवरी को भारत की आधिकारिक यात्रा पर आएंगी। उर्सुला वॉन डेर लेयेन की भारत की तीसरी यात्रा होगी।
इससे पहले वो अप्रैल 2022 में द्विपक्षीय आधिकारिक यात्रा और सितंबर 2023 में जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत का दौरा कर चुकी हैं। जून 2024 में हुए यूरोपीय संसदीय चुनावों के बाद दिसंबर 2024 में वर्तमान यूरोपीय आयोग के जनादेश की शुरुआत के बाद से यह ईयू कॉलेज ऑफ कमिश्नर्स की भारत की पहली यात्रा होगी।
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के साथ उर्सुला वॉन डेर लेयेन की प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी। भारत-यूरोपीय संघ व्यापार और प्रौद्योगिकी परिषद की दूसरी मंत्रिस्तरीय बैठक और यूरोपीय आयुक्तों और उनके भारतीय समकक्षों के बीच द्विपक्षीय मंत्रिस्तरीय बैठकें भी यात्रा के दौरान आयोजित की जाएंगी। भारत और यूरोपीय संघ वर्ष 2004 से रणनीतिक साझेदार हैं और उनके द्विपक्षीय संबंध व्यापक क्षेत्रों में विस्तारित और गहरे हुए हैं।